

अंबिकापुर: सरगुजा संभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कृषि विभाग के एक अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, बीज निरीक्षक एवं कृषि विकास अधिकारी सोहन लाल भगत को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अधिकारी ने एक व्यक्ति को अवैध बीज भंडारण के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर कुल 3 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर सूरजपुर जिले में आरोपी अधिकारी को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम अब पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं इस मामले में और लोग भी शामिल तो नहीं हैं।

































