

रायपुर। राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम कुकरा में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई। मामूली विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान सुरेन्द्र कुमार धीवर के रूप में हुई, जो ग्राम कुकरा का ही निवासी था। प्रार्थी मुकेश धीवर ने पुलिस को बताया कि 4 अक्टूबर की सुबह उन्होंने अपने पिता को सामुदायिक शौचालय के पास मृत अवस्था में पाया। मृतक के गर्दन, माथे और आंख के पास धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने विशेष टीम गठित की और जांच शुरू करवाई।
एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट की टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की जानकारी के आधार पर जांच की। पता चला कि मृतक को अंतिम बार सूरज कोशले और परमानंद साहू उर्फ बिल्लू के साथ देखा गया था। पूछताछ में दोनों ने पहले तो इंकार किया, लेकिन साक्ष्यों के दबाव में हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, मृतक और आरोपी शराब पी रहे थे, तभी किसी बात पर झगड़ा हो गया। दोनों ने आटो रोककर पास के निर्माणाधीन मकान से लोहे की रॉड लाकर सुरेन्द्र पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रॉड और आटो जब्त किया।
आरोपी सूरज कोशले (20) और परमानंद साहू उर्फ बिल्लू (23) दोनों ग्राम कुकरा के ही निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 463/25 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






















