

अंबिकापुर: राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं के लिए पहली मेरिट सूची 16 जून को जारी कर दी गई है। प्रवेश प्रक्रिया के तहत बीए, बीएससी, बीकॉम और बीसीए प्रथम सेमेस्टर में दाखिले 16 जून से प्रारंभ हो गए हैं।
महाविद्यालय सरगुजा जिले का एकमात्र स्वशासी कॉलेज है, जहां सत्र 2022-23 से ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 लागू की गई है। महाविद्यालय में स्नातक स्तर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत ऑनर्स पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार, 1 जून से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया संचालित की गई थी। सभी स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में निर्धारित सीटों की तुलना में अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसी कारण अभ्यर्थियों की मेरिट सूची तैयार कर प्रवेश के लिए प्राथमिकता क्रम निर्धारित किया गया है।प्रवेश के इच्छुक छात्र-छात्राएं महाविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और कॉलेज परिसर स्थित नोटिस बोर्ड पर जारी मेरिट सूची का अवलोकन कर सकते हैं।
कॉलेज प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए सात दिनों का समय दिया है। इस वर्ष विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय परिसर में ही शुल्क जमा करने की व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क या असुविधा का सामना न करना पड़े।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।





















