


अंबिकापुर: अंबिकापुर के थाना गांधीनगर पुलिस ने लैपटॉप चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप व बैग भी बरामद कर लिया है। आरोपी पूर्व में भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
प्जानकारी के अनुसार, प्रार्थीया ने दिनांक 25 फरवरी 2026 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी 2026 को वह रायपुर से ट्रेन द्वारा अंबिकापुर आ रही थी। यात्रा के दौरान उसकी पहचान एक अज्ञात युवक से हुई। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद दोनों प्रतीक्षालय में बैठे थे। इसी दौरान प्रार्थीया अपना बैग युवक को देखने के लिए कहकर वॉशरूम चली गई। वापस लौटने पर बैग और युवक दोनों मौके से गायब थे। बैग में Zebronics कंपनी का लैपटॉप, चश्मा व कपड़े सहित अन्य सामान रखा था।
प्रार्थीया की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 106/26 धारा 331(2), 305 (ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थीया एवं गवाहों के बयान दर्ज किए। संदेह के आधार पर शुभम महावर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी ने अपना नाम शुभम महावर पिता पुरुषोत्तम महावर, उम्र 34 वर्ष, निवासी मकान नंबर 147 हनुमान रोड कटरा मार्केट राधौगढ़, जिला गुना (म.प्र.) तथा वर्तमान में आनंद विहार फेस-2, दुर्ग बताया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से चोरी किया गया बैग व लैपटॉप बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।पूरे प्रकरण में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक दुबे एवं आरक्षक उमेश गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।
































