


जशपुर: खुद को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताकर सुरक्षा गार्ड की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो युवकों से 4 लाख 35 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रोहित खाखा (23 वर्ष)निवासी ग्राम इचकेला ने 16 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी प्रदीप पंडा (28 वर्ष) निवासी सोडापाठ चौक पुसौर, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ ने रोहित की मां से परिचय बनाकर स्वयं को कलेक्ट्रेट का बड़ा अधिकारी बताया और सुरक्षा गार्ड की नौकरी लगवाने का झांसा दिया।आरोपी ने शुरुआत में नौकरी के नाम पर 50 हजार रुपए लिए। कुछ दिनों बाद ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के बहाने फिर 1 लाख 50 हजार रुपएमांगे, जिसे प्रार्थी की मां ने गांव की जमीन गिरवी रखकर दे दिया। इसके बाद आरोपी ने एक और पद खाली होने का लालच देकर ठूठीअंबा निवासी उमेश भगत के परिजनों से भी 2 लाख 35 हजार रुपए वसूल लिए।लंबे समय तक ज्वाइनिंग नहीं मिलने और आरोपी द्वारा टालमटोल करने पर पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले में थाना सिटी कोतवाली जशपुर में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जशपुर के एक होटल से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रकम उधारी चुकाने, टेबल-कुर्सी, कंप्यूटर खरीदने और खाने-पीने में खर्च कर दी।पुलिस ने आरोपी के भट्टी रोड जशपुर स्थित तथाकथित ऑफिस से टेबल, कुर्सी और कंप्यूटर जब्त किए हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली जशपुर निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक विपिन किशोर केरकेट्टा, आरक्षक विनोद तिर्की एवं नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































