
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में 20 हजार रुपये नगद चोरी करने की शंका को लेकर एक महिला की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहना गया लोवर भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे मानकी उर्फ संतोषी के साथ संजय चौहान ने 20 हजार रुपये चोरी करने की शंका को लेकर डंडे से मारपीट की थी। गंभीर चोट लगने के बाद महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीतापुर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर थाना सीतापुर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस टीम को आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।विवेचना के दौरान पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद संदेहीसंजय चौहान पिता स्व. फुलसाय चौहान, उम्र 36 वर्ष स्थायी निवासी ग्राम ठाकुरदिया, थाना मदनपुर, जिला रायगढ़ और वर्तमान निवासी सीतापुर खालबगीचा को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और वारदात के दौरान पहना गया लोवर जब्त किया। मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सीतापुर उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, उप निरीक्षक रघुराम भगत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजलाल तथा आरक्षक राकेश यादव, धनकेश्वर यादव, मनोहर पैंकरा, शिव मूरत किंडो, अतुल कुमार शर्मा और रामप्रसाद लकड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















