जशपुर: जशपुर जिले के कोल्हेनझरिया चौकी क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उड़ीसा राज्य से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी इष्टा राणा (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2026 को बालिका की मां ने चौकी कोल्हेनझरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी 24 फरवरी की सुबह परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी, लेकिन स्कूल नहीं पहुंची। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालिका का कोई पता नहीं चल सका, जिससे उसके अपहरण की आशंका जताई गई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल गुम इंसान और अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार पतासाजी और संदिग्धों से पूछताछ के साथ तकनीकी टीम की मदद ली गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका उड़ीसा के एक गांव में आरोपी के साथ है।सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद किया और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी से उसकी फोन पर दोस्ती हुई थी। आरोपी ने प्यार और शादी का झांसा देकर उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और वहां उसके साथ जबरन अनाचार किया।बालिका के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(M), 65(1) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी विपिन किशोर केरकेट्टा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!