
सूरजपुर: राज्य शासन की किसान हितैषी नीतियों के तहत गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, अंबिकापुर, ग्राम केरता के पेराई सीजन 2025-26 के अंतर्गत क्षेत्र के 7250 गन्ना उत्पादक किसानों के बैंक खातों में कुल 11 करोड़ 34 लाख 64 हजार 265 रुपये 78 पैसे की बोनस राशि अंतरित कर दी गई है। किसानों को राज्य शासन द्वारा निर्धारित 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस का भुगतान किया गया है।
उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्री रामविचार नेताम की उपस्थिति में कृषक चौपाल में गन्ना उत्पादक किसानों ने लंबित बोनस राशि का शीघ्र भुगतान कराए जाने का आग्रह किया था। किसानों की मांग के फलस्वरूप बोनस राशि का भुगतान सुनिश्चित किया गया है। इससे क्षेत्र के हजारों गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक संबल मिला है।
माँ महामाया सहकारी शक्कर कारखाना मर्यादित, ग्राम केरता में पेराई सीजन 2025-26 के दौरान गन्ना उत्पादक किसानों से कुल 1,18,253.53 मीट्रिक टन गन्ने की खरीदी की गई। किसानों के परिश्रम एवं योगदान को सम्मान देते हुए राज्य शासन द्वारा निर्धारित बोनस राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई है। बोनस राशि मिलने से किसानों को आर्थिक मजबूती मिलने के साथ ही आगामी फसल की तैयारी में सहायता मिलेगी। इससे क्षेत्र में गन्ना उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
इस अवसर पर कारखाना प्रबंधन ने क्षेत्र के समस्त गन्ना उत्पादक किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसानों का अथक परिश्रम, विश्वास एवं सहयोग ही कारखाने की निरंतर प्रगति और सफलता का आधार है। बोनस राशि के भुगतान से किसानों में उत्साह का वातावरण है तथा गन्ने की खेती के प्रति उनका रुझान और अधिक बढ़ेगा।










