


अंबिकापुर: सरगुजा जिले के लुन्ड्रा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को ग्राम सरपंच द्वारा मोबाइल के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई कि ग्राम कुदर झेरी लोंगरी निवासी दशमल कोरवा अपनी पत्नी की हत्या कर फरार हो गया है। सूचना मिलते ही लुन्ड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल पर मृतका के ससुर बोदो राम ने रिपोर्ट दर्ज कराई।बोदो राम ने पुलिस को बताया कि उनके तीन बेटे हैं और सभी का विवाह हो चुका है तथा वे अलग-अलग रहते हैं। बड़े बेटे दशमल कोरवा की पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद करीब एक साल पहले उसने ग्राम सखौली नवापारा की प्रियंका को दूसरी पत्नी के रूप में अपने साथ रखा था। परिवार के अनुसार दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था।
बताया गया कि 7 मार्च की रात लगभग 11 से 12 बजे के बीच दशमल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था, जिसकी आवाज घरवालों ने सुनी थी। अगले दिन 8 मार्च की सुबह करीब 9 बजे तक घर में कोई हलचल नहीं दिखने और दरवाजा बंद रहने पर बोदो राम ने अपनी पत्नी को बहू को देखने भेजा। उन्होंने जाकर देखा कि प्रियंका जमीन पर पड़ी है और उठाने पर भी नहीं उठ रही है। इसके बाद बोदो राम अपनी पत्नी के साथ मौके पर पहुंचे और कपड़ा हटाकर देखा तो प्रियंका के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं आरोपी दशमल सुबह से ही घर से फरार था।प्रार्थी की रिपोर्ट पर लुन्ड्रा थाना में अपराध क्रमांक 47/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, पंचनामा की कार्रवाई की गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दशमल उर्फ दशमन कोरवा (35 वर्ष) निवासी कुदर झेरी लोंगरी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के दिन उसने अपनी पत्नी से खाना बनाने को कहा था। पत्नी ने थोड़ी देर बाद बनाने की बात कही, जिससे दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने डंडे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया है और उसे न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लुन्ड्रा निरीक्षक प्रदीप कुमार जायसवाल, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक जयदीप सिंह, आरक्षक राजकुमार, इबनुल खान, धीरेन्द्र एवं अनुज जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
































