

भिलाई: भिलाई में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही एक युवती को शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म करने के आरोपित बीएसएफ के जवान को छावनी भिलाई पुलिस ने अंबिकापुर से गिरफ्तार किया है। प्राथमिकी होने के बाद से आरोपित अपनी पदस्थापना वाली जगह अरुणाचल प्रदेश चला गया था।
वहां से वो छुट्टी पर आया था और अंबिकापुर में रुका हुआ था। उसका मोबाइल लोकेशन मिलने के बाद छावनी पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म की धारा के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि जशपुर निवासी पीड़िता भिलाई में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। आरोपित अशोक कुमार कुजूर (27) निवासी शहीदंद पोस्ट शराबकोंबो बगीचा जिला जशपुर से उसकी पहले से पहचान थी। आरोपित ने उससे पहचान बढ़ाकर उसे शादी करने का झांसा दिया और उसका दैहिक शोषण किया। पीड़िता ने जब उससे शादी करने के लिए कहा तो आरोपित ने इन्कार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने जून माह में छावनी थाना में उसके खिलाफ शिकायत की थी।प्राथमिकी होने के बाद आरोपित ने अपना मोबाइल बंद कर दिया था और अरुणाचल प्रदेश में जाकर ड्यूटी करने लगा था। वो अभी छुट्टी में आया था, लेकिन जशपुर न जाकर अंबिकापुर में रुका। उसने अपने पुराने मोबाइल से अपने परिचितों से संपर्क किया। उसका नंबर चालू होते ही पुलिस को उसका लोकेशन मिला और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को न्यायालय पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।





















