
सूरजपुर: लटोरी पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 नग पुराने मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा किया है। नाबालिग बालक सहित 3 लोगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने चोरी के मोटरसाइकिलों के कलपुर्जे और वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन भी जब्त किया है। वहीं, मामले में शामिल 2 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करवां निवासी रहीम अंसारी मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता है। 26 नवंबर की रात उसने अपने गैरेज में 8 पुराने मोटरसाइकिल खड़े कर ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन सुबह दुकान पहुंचने पर ताला टूटा हुआ मिला और अंदर रखे 5 पुराने मोटरसाइकिल गायब थे। मामले में चौकी लटोरी में अपराध क्रमांक 338/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल ने आरोपियों की जल्द पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुराने मोटरसाइकिलों के सभी पार्ट्स खोलकर एक व्यक्ति उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने अम्बिकापुर के ग्राम डिगमा में दबिश देकर सुरेश साहनी को पकड़ा।
पूछताछ में सुरेश साहनी ने बताया कि 27 नवंबर की सुबह रोहित निषाद और एक विधि से संघर्षरत बालक 5 पुराने मोटरसाइकिल पिकअप वाहन में लोड कर उसके पास लाए थे। मोटरसाइकिलों का सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ था और बिक्री के बाद रकम देने की बात थी। सुरेश मोटरसाइकिलों के पार्ट्स अलग-अलग कर बिक्री की तैयारी कर रहा था।
इसके बाद पुलिस ने रोहित निषाद और विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने 2 अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गैरेज से 5 मोटरसाइकिल चोरी कर सुरेश साहनी को बेचने की बात स्वीकार की। मामले में क्रेता के विरुद्ध धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने चोरी किए गए 5 पुराने मोटरसाइकिलों के कलपुर्जे, जिनकी कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है। मामले में सुरेश साहनी पिता सहेन्दर साहनी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम डिगमा और रोहित निषाद पिता दिलीप निषाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम डिगमा, अम्बिकापुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी लटोरी सुनील सिंह तथा प्रधान आरक्षक रामनिवास तिवारी, रविशंकर किंडो, दिलेश्वर सिंह, आरक्षक विकास मिश्रा, शोभनाथ कुशवाहा, संतोष जायसवाल और भोला केरकेट्टा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस 2 अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।











