रायपुर : राजधानी रायपुर में नकली नोटों से जुड़ा मामला सामने आया है। दलदल सिवनी स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की शाखा में एक महिला 12,350 रुपये अपने खाते में जमा कराने पहुंची थी। बैंक कर्मचारियों ने रकम की जांच की तो 50 रुपये के 25 नोट संदिग्ध मिले। इनकी कुल कीमत 1,250 रुपये बताई गई है।

बैंक में उपलब्ध यूवी लैंप से नोटों की जांच की गई। इस दौरान उनमें कुछ आवश्यक सुरक्षा विशेषताएं नहीं मिलीं। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने नोटों को संदिग्ध जाली नोट मानते हुए पुलिस को सूचना दी।

12 नवंबर को जमा कराने पहुंची थी महिला

एफआईआर के अनुसार, घटना 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे की है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की दलदल सिवनी शाखा में खाता प्रबंधक के पद पर कार्यरत संजय मिश्रा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी।

शिकायत में बताया गया कि बैंक की ग्राहक जानकी वराठे अपने खाते में 12,350 रुपये जमा कराने आई थीं। उन्होंने 50 और 100 रुपये के नोट बैंक में प्रस्तुत किए। कर्मचारियों की जांच में 50 रुपये के 25 नोट संदिग्ध पाए गए। बैंक के उपलब्ध संसाधनों से इनकी जांच करने पर कुछ सुरक्षा फीचर अनुपस्थित मिले।

पंडरी थाने में दर्ज हुआ मामला

बैंक प्रबंधन ने शिकायत में भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों का हवाला दिया। इसके मुताबिक, एक ही लेनदेन में चार से अधिक जाली नोट मिलने पर एफआईआर दर्ज कराना आवश्यक है। इसी आधार पर बैंक की ओर से पंडरी थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई।

बैंक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने 26 नवंबर 2026 को शाम 6 बजकर 5 मिनट पर अपराध क्रमांक 418/2026 दर्ज किया। महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 179 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक सुनील कश्यप को सौंपी गई है।

नोट कहां से आए, पुलिस कर रही जांच

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला के पास संदिग्ध नोट कहां से आए थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसे नोटों के संदिग्ध होने की जानकारी थी या नहीं।

एफआईआर में महिला की गिरफ्तारी का उल्लेख नहीं है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!