सूरजपुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में शिवपुर मोड़ के पास रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात यात्रियों से भरी एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सासाराम (बिहार) से अंबिकापुर जा रही बस का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और कंडक्टर समेत करीब 16 यात्री घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार,ल हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही प्रतापपुर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद कटर मशीन की मदद से बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

कंडक्टर की हालत गंभीर, सभी घायल अंबिकापुर रेफर

हादसे में घायल चालक, कंडक्टर और यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MCH), अंबिकापुर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बस कंडक्टर की हालत अत्यंत गंभीर है। अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है।घटना के बाद प्रतापपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस का टायर फटना दुर्घटना की वजह बना। पुलिस हादसे के अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!