
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार सामने आ रहे इमारत ढहने के हादसों और उनमें हो रही मौतों के बीच नगर निगम (MCD) के इंजीनियरिंग विभाग की बदहाल स्थिति चिंता बढ़ा रही है। निगम के पास भवनों की जांच, निर्माण कार्यों की निगरानी और संरचनात्मक सुरक्षा का आकलन करने के लिए पर्याप्त इंजीनियर नहीं है। नतीजतन, शहर के वार्डों में व्यावसायिक इमारतों का नियमित निरीक्षण और समय पर सर्वेक्षण प्रभावित हो रहा है।
250 वार्डों के लिए सिर्फ 104 जूनियर इंजीनियर
MCD सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक वार्ड में कम से कम एक जूनियर इंजीनियर (JE) की तैनाती होनी चाहिए। लेकिन मौजूदा स्थिति में 250 वार्डों के लिए केवल 104 जेई उपलब्ध है। यानी जरूरत के मुकाबले आधे से भी कम इंजीनियर काम कर रहे है।
वरिष्ठ स्तर पर भी स्थिति कमजोर है। निगम में केवल 68 असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और 18 एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) तैनात है। कर्मचारियों की यह कमी भवन सुरक्षा से जुड़े निरीक्षण और कार्रवाई की पूरी व्यवस्था पर असर डाल रही है।
भवनों की निगरानी से लेकर कार्रवाई तक संभालते है इंजीनियर
जूनियर इंजीनियर की जिम्मेदारी क्षेत्र में इमारतों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करना है। उन्हें अनधिकृत निर्माण, स्वीकृत नक्शे से हटकर किए जा रहे निर्माण और भवन उपनियमों के उल्लंघन की पहचान कर रिपोर्ट देनी होती है।
असिस्टेंट इंजीनियर, जेई के काम की निगरानी करता है। वह निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा, उल्लंघनों की पुष्टि और अवैध निर्माण को सील करने या ध्वस्त करने जैसी कार्रवाई की देखरेख करता है। वहीं, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर संभाग स्तर पर दोनों अधिकारियों के कामकाज और प्रवर्तन गतिविधियों की निगरानी करता है।
इमारत गिरने जैसी घटनाओं में क्षेत्रीय निगरानी की पहली जिम्मेदारी आमतौर पर जेई की होती है। इसके बाद एई और ईई को पर्यवेक्षण तथा जरूरी कार्रवाई सुनिश्चित करनी होती है। ऐसे में अधिकारियों की कमी से जवाबदेही और निगरानी, दोनों प्रभावित होने की आशंका है।
जनवरी से अब तक 13 बड़े इमारत हादसे
इस साल जनवरी से दिल्ली में कम से कम 13 बड़ी इमारत ढहने की घटनाएं सामने आ चुकी है। संगम विहार, मुकुंदपुर, करावल नगर, मलका गंज, रोहिणी, करोल बाग, सत्य निकेतन, सीमापुरी, हर्ष विहार, चावड़ी बाजार, पहाड़गंज और ज्वाला नगर समेत कई इलाकों में हादसे हुए।
शाहदरा उत्तर क्षेत्र में सबसे ज्यादा चार बड़ी घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें करावल नगर, सीमापुरी, हर्ष विहार और ज्वाला नगर शामिल है। सेंट्रल, सिविल लाइंस-नॉर्थ और साउथ जोन में दो-दो घटनाएं हुईं। वहीं, साउथ-ईस्ट, नॉर्थ-वेस्ट और पुरानी दिल्ली के जोन में एक-एक बड़ी घटना दर्ज की गई।
उत्तर-पूर्व क्षेत्र में भी इंजीनियरों की कमी के बावजूद हादसे
शाहदरा, दिलशाद गार्डन और यमुना विहार जैसे इलाकों को शामिल करने वाले उत्तर-पूर्व क्षेत्र में 35 वार्डों के लिए 23 जेई तैनात है। इस हिसाब से एक जेई पर औसतन डेढ़ वार्ड की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद इसी क्षेत्र में चार बड़ी इमारतों के ढहने की घटनाएं दर्ज हुई है।
स्थायी समिति की गुरुवार को हुई बैठक में आम आदमी पार्टी की पार्षद राफिया माहिर ने कर्मचारियों की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि नरेला जोन के 16 वार्डों में केवल तीन जूनियर इंजीनियर काम कर रहे है। स्थायी समिति के अध्यक्ष ने भी कमी को स्वीकार करते हुए इसे दूर करने के लिए कदम उठाने की जरूरत बताई।
MCD के पास अपने संरचनात्मक इंजीनियर नहीं
निगम आयुक्त ने भी कुशल तकनीकी कर्मचारियों की कमी को स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि MCD के पास अपने संरचनात्मक इंजीनियर उपलब्ध नहीं है। इस काम के लिए निगम तीसरे पक्ष के सूचीबद्ध संरचनात्मक इंजीनियरों पर निर्भर है।
इस स्थिति ने भवनों की सुरक्षा जांच और समय पर जोखिम की पहचान करने की निगम की क्षमता पर सवाल खड़े कर दिए है। साथ ही, इमारत गिरने के बाद सिविल इंजीनियरों पर कार्रवाई या निलंबन की प्रक्रिया को लेकर भी जवाबदेही का मुद्दा उठ रहा है।
छह महीने में इमारत ढहने की 321 घटनाएं
दिल्ली अग्निशमन सेवा के आंकड़े भी समस्या की गंभीरता दिखाते है। 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच राजधानी में इमारत ढहने की 321 घटनाएं दर्ज की गईं। इस अवधि में हर महीने औसतन करीब 53 हादसे हुए।
इन छह महीनों के दौरान कम से कम 10 बड़े हादसों में 45 से अधिक लोगों की जान गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए। लगातार हो रही इन घटनाओं के बीच MCD में तकनीकी कर्मचारियों की कमी भवन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की चुनौती को और बढ़ा रही है।











