Maharashtra Women Held At Chichola:  छत्तीसगढ़ में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच चिचोला पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। पुलिस ने उनके पास से 8.224 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 500 रुपये बताई गई है।

बस स्टैंड के पास पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, 18 नवंबर की रात चिचोला बस स्टैंड के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना के आधार पर घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान पुलिस ने आशा सुनील काडे (28) और गौरी भगवान काले (45) को पकड़ा। दोनों पर अवैध रूप से गांजा ले जाने और उसकी बिक्री के लिए ग्राहक तलाशने का आरोप है।

जांच में सामने आया कि दोनों महिलाएं बस से रायपुर से चिचोला पहुंची थीं। आशा सुनील काडे महाराष्ट्र के बीड जिले के बोरगांव की निवासी है, जबकि गौरी भगवान काले अहमदनगर जिले की रहने वाली है।

बैग से मिले गांजे से भरे पैकेट

पुलिस ने जब दोनों के सामान की तलाशी ली, तो बैग के अंदर खाकी टेप से लिपटे प्लास्टिक के पैकेट मिले। इन पैकेटों में गांजा भरा हुआ था। तलाशी के दौरान आशा काडे के पास से 4.110 किलो और गौरी काले के पास से 4.114 किलो गांजा बरामद किया गया।

दोनों के पास से जब्त गांजे का कुल वजन 8.224 किलो है। पुलिस ने इसकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख 500 रुपये आंकी है।

NDPS एक्ट के तहत केस, कोर्ट के आदेश पर जेल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ चिचोला पुलिस चौकी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से आदेश मिलने पर दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने में जुटी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!