
सूरजपुर: कलेक्टर रेना जमील ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों में संचालित शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा पीएमओ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए टेलीमेडिसिन, एनसीडी स्क्रीनिंग,डायबिटीज उपचार एवं फॉलोअप, सर्वाइकल कैंसर एवं ओरल कैंसर की स्क्रीनिंग, उपचार और जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने तथा नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में शिविर लगाकर कार्ड बनाने के निर्देश दिए। वय वंदन कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को मैदानी निरीक्षण करने कहा। इसके साथ ही एचपीवी टीकाकरण, नियमित टीकाकरण और टीबी मुक्त भारत अभियान में प्रगति लाने के निर्देश दिए। एचआरपी मामलों का संवेदनशीलता के साथ बेहतर ढंग से निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की उपस्थिति पर विशेष जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों की पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर बनाने, पाठ्यक्रम समय पर पूर्ण कराने और परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष प्रयास करने को कहा। विद्यार्थियों का नियमित अंतराल पर टेस्ट लेने तथा इसकी मैदानी स्तर पर निगरानी करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को दिए। सभी एसडीएम को भी बच्चों की शिक्षा की नियमित निगरानी करने कहा। इसके अलावा स्कूल भवनों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सूरजपुर के परीक्षा साथी ऑनलाइन प्लेटफार्म की जानकारी लेते हुए विद्यार्थियों को बेहतर नोट्स एवं वीडियो लेक्चर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन एन जी ओ के सहयोग से पंचायत स्तर पर बाल अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से संचालित सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई। इस दौरान चाइल्ड राइट एसोसिएट गौरव नंदी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत नीति आयोग के एजुकेशन, हेल्थ एंड न्यूट्रिशन, एग्रीकल्चर एंड वाटर रिसोर्स, स्किल डेवलपमेंट, कैपेसिटी बिल्डिंग तथा बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों पर कार्य किया जा रहा है।
हाथी मानव द्वंद्व की रोकथाम और विकास कार्यों की समीक्षा
कलेक्टर ने मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति की समीक्षा करते हुए हाथियों की नियमित एवं प्रभावी निगरानी करने तथा जनसुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में पुलों की स्थिति, सड़क एवं यातायात व्यवस्था, आवागमन की सुविधाओं और निर्माणाधीन भवनों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने को कहा।
इसके साथ ही पीएम सूर्यघर योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा की। धान खरीदी के शुभारंभ के बाद उपार्जन केंद्रों में खरीदी की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने तथा धान खरीदी सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










