
एमसीबी: स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की विशेष त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन और शासन की शैक्षणिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने की। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए पढ़ाई में कमजोर बच्चों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लिया गया। इन कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयवार कठिनाइयों को दूर कर उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार लाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से किया जाएगा संपर्क
बैठक में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को प्राथमिकता दी गई। इसके तहत विद्यालय में लगातार अथवा अनियमित रूप से अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालकों से व्यक्तिगत संपर्क कर अनुपस्थिति के कारणों की जानकारी लेने तथा बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करने का निर्णय लिया गया। शिक्षकों एवं पालकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
आधारभूत सुविधाओं के विकास और शासकीय योजनाओं की हुई समीक्षा
बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा करते हुए आवश्यक सुधार एवं विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव तैयार कर विकासखंड स्तर पर भेजने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन, गणवेश एवं पाठ्यपुस्तक वितरण सहित शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की समीक्षा की गई। समिति ने सभी पात्र विद्यार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे तथा विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में एसएमसी अध्यक्ष ने विद्यालय के समग्र विकास में शिक्षकों, पालकों एवं समिति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से सहयोग की अपील की। विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और सुविधाओं में सुधार के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने के संकल्प के साथ बैठक सम्पन्न हुई।











