बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के लालखदान स्थित संत नगर इलाके में सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मृतक की पहचान उत्तम कुमार के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के घरघोड़ा का निवासी था। घटनास्थल तोरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

शव के पास मिला पर्स, गमछा और पानी की बोतल

स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस के साथ एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास से एक पर्स, गमछा और पानी की बोतल बरामद हुई। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी भौतिक साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।

प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका

युवक की संदिग्ध मौत को लेकर शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक के पास मिले सामान को भी जब्त कर लिया गया है। घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है। इसके अलावा स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!