
सूरजपुर: सूरजपुर जिले के रुनियाडीह स्थित मां भारती पब्लिक स्कूल में 14 नवंबर को बाल दिवस हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के बीच उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें याद करते हुए जन्मदिन मनाया गया।
इस दौरान स्कूल के प्राचार्य बोधन राम राजवाडे ने बच्चों को बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। वे बच्चों को देश का भविष्य और राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी मानते थे। बच्चे भी उन्हें प्यार से 'चाचा नेहरू' कहकर पुकारते थे। इसी कारण हर वर्ष 14 नवंबर को उनकी जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।इस दौरान बच्चों को बाल दिवस के महत्व और चाचा नेहरू के जीवन एवं विचारों के बारे में जानकारी दी गई।
विद्यालय परिवार ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण भी जरूरी है। बाल दिवस के आयोजन का उद्देश्य बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के साथ उनमें आत्मविश्वास और रचनात्मकता की भावना विकसित करना रहा।
इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य बोधन राम राजवाड़े, कृपा शंकर, उदयदास, बालेश्वर राजवाड़े, योगेश सिंह, सहित समस्त शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं।











