अंबिकापुर: सरगुजा जिले में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के 5 मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की गई 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आदित्य कुजूर निवासी महुआपारा  थाना गांधीनगर, 12 नवंबर 2026 को अपनी होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल (क्रमांक CG/15/DK/2980) से गांधी स्टेडियम पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक स्टेडियम के बाहर खड़ी की थी। कुछ देर बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। इसकी शिकायत पर कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 790/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा इस  राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देश पर कोतवाली पुलिस की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विजय गुप्ता (50 वर्ष), पिता इन्द्रदेव गुप्ता, निवासी डेहरी, कोयला डिपो के पास, थाना डेहरी, जिला रोहतास (बिहार), वर्तमान निवास केदारपुर, अंबिकापुर के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गांधी स्टेडियम के बाहर से होंडा ड्रीम युगा मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही एक बजाज सीटी, एक स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त अपराध साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा और शिव राजवाड़े सक्रिय रहे।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!