
महासमुंद: महासमुंद जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मरीज को उपचार के बाद ओडिशा लेकर जा रही एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस क्रमांक CG 04 NH 7746 एक मरीज को इलाज के बाद लेकर ओडिशा जा रही थी। इसी दौरान बागबाहरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर देवाशीष स्कूल के पास एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए।
दो महिलाओं की मौके पर मौत, तीन घायल
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीनों घायलों को तत्काल बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। फिलहाल घायलों का उपचार जारी है।पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।











