
रायपुर: छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, अगले दिन भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहा। इस दौरान रायपुर में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस अम्बिकापुर में रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। 14 नवंबर को इसके स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में बदलने और 15 नवंबर की सुबह तक अवदाब में तब्दील होने की प्रबल संभावना है।इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान
राजधानी रायपुर में 14 नवंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।










