
नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित सुरंग में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक कार अनियंत्रित होकर सुरंग की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और वाहन में आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी अभिनव सिंह के रूप में हुई है। वह गुरुग्राम के सेक्टर-42 में रहता था। हादसे के समय वह लुधियाना से गुरुग्राम लौट रहा था। दुर्घटना शिव मूर्ति इंटरचेंज के पास उस मोड़ पर हुई, जहां सुरंग राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (NH-48) से जुड़ती है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिनव अपनी मॉडिफाइड फॉक्सवैगन वर्टस कार चला रहा था। सुरंग के भीतर अधिकतम गति सीमा 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में कार करीब 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही है।
पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार के कारण मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे सुरंग की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई।
हादसे से कुछ पल पहले स्नैपचैट पर साझा किया था स्पीडोमीटर का वीडियो
इस मामले में जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही समय पहले अभिनव ने अपनी कार के स्पीडोमीटर की तस्वीरें और वीडियो बनाए थे। उसने ये वीडियो और तस्वीरें स्नैपचैट के जरिए अपने दोस्तों के साथ साझा की थीं।दिल्ली पुलिस अब इन डिजिटल साक्ष्यों को जुटाने में लगी है, ताकि हादसे से पहले कार की रफ्तार और घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी की पुष्टि की जा सके।पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद अभिनव का शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की मां बिहार में शिक्षिका हैं। उन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
ओवरस्पीडिंग ने फिर उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
द्वारका एक्सप्रेसवे की सुरंग में हुआ यह हादसा तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के गंभीर परिणामों को उजागर करता है। निर्धारित गति सीमा से कई गुना अधिक रफ्तार न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी बड़ा खतरा बन सकती है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि सड़क पर कुछ सेकंड की लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है।











