
रायपुर: छत्तीसगढ़ में दीपावली के दौरान शराब की बिक्री ने नया रिकॉर्ड कायम किया है। त्योहार के पांच दिनों में प्रदेशभर में 546.07 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि में हुए कारोबार से 38.10 करोड़ रुपये अधिक है। इस तरह शराब की बिक्री में सालाना आधार पर 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, दीपावली के दौरान देसी शराब की तुलना में विदेशी शराब और स्पिरिट-माल्ट की मांग अधिक रही। पांच से नौ नवंबर के बीच देसी शराब का कारोबार 195.55 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेशी शराब और स्पिरिट-माल्ट की बिक्री 350.52 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
सात नवंबर को हुई सबसे ज्यादा बिक्री
पांच दिनों के बिक्री आंकड़ों पर नजर डालें तो सात नवंबर को शराब की सबसे अधिक बिक्री हुई। इस दिन प्रदेश में 124.27 करोड़ रुपये का कारोबार दर्ज किया गया। वहीं, पांच नवंबर को 89.80 करोड़, छह नवंबर को 97.75 करोड़, आठ नवंबर को 119.10 करोड़ और नौ नवंबर को 115.13 करोड़ रुपये की शराब बिकी।
पिछले साल से 38 करोड़ रुपये ज्यादा कारोबार
पिछले साल 17 से 21 अक्टूबर के बीच दीपावली के पांच दिनों में प्रदेश में 507.97 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी। इस बार यह आंकड़ा बढ़कर 546.07 करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी पिछले साल के मुकाबले 38.10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त कारोबार हुआ। आंकड़ों से साफ है कि इस बार त्योहार के दौरान विदेशी ब्रांड और स्पिरिट-माल्ट की बढ़ती मांग ने शराब कारोबार को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।











