
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के गुनगा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शराब पीने से मना करने पर परिजनों से हुए विवाद के बाद 20 वर्षीय युवक पानी की टंकी पर चढ़ गया। परिजनों ने उसे काफी समझाने की कोशिश की। यहां तक कि उसका भाई भी उसे बचाने के लिए टंकी पर पहुंच गया, लेकिन युवक ने उसकी आंखों के सामने ही टंकी से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शराब पीने से मना करने पर घर में हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान शंकर अहिरवार (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शंकर को शराब पीने से रोकने पर घर में परिजनों के साथ उसका विवाद हो गया था। इस बात से नाराज होकर वह घर से निकल गया और गांव के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक को टंकी पर चढ़ा देखकर परिजन घबरा गए और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे।
भाई भी नहीं बचा पाया, सामने ही लगा दी छलांग
शंकर को बचाने के लिए परिवार के सदस्य लगातार उसे समझाते रहे। इसी दौरान उसका भाई भी उसे सुरक्षित नीचे उतारने की उम्मीद में टंकी पर चढ़ गया। उसने शंकर को काफी समझाया और नीचे आने की मिन्नतें कीं, लेकिन वह नहीं माना। देखते ही देखते शंकर ने टंकी से छलांग लगा दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिवार में मातम छा गया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर गुनगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










