सुनारिया जेल पहुंचा गुरमीत राम रहीम, 21 दिन की फरलो खत्म

नई दिल्ली, एजेंसी। हत्या और दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहा डेरा प्रमुख गुरमीत 21 दिन की फरलो के बाद सोमवार काे फिर से सलाखों के पीछे पहुंच गया। गुरमीत को सात फरवरी को फरलो दी गई थी, जिसके बाद से वह गुरुग्राम में रह रहा था। इस दौरान डेरा प्रमुख की जान को खतरा देखते हुए सरकार की तरफ से उसे जेड श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। डेरा प्रमुख की फरलो की अवधि रविवार को पूरी हो गई थी। ऐसे में यह भी माना जा रहा था कि वह रविवार शाम तक जेल में आ सकता है।
इसीलिए पुलिस की तरफ से सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे, लेकिन बाद में पता चला कि सोमवार दोपहर 12 बजे से पहले डेरा प्रमुख को सुनारिया जेल पहुंचना है। सुबह से ही जेल के मुख्य रास्ते से लेकर अन्य स्थानों पर कड़ी सुरक्षा कर दी गई थी। 11:50 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच डेरा प्रमुख का काफिला सुनारिया जेल पहुंचा। काफिले में करीब आठ से अधिक लग्जरी गाड़ियां थी, जिनके आगे और पुलिस की पायलट चल रही थी। वहीं राम रहीम 21 दिन के दौरान सिरसा डेरे में नहीं पहुंच सका, जबकि उसके अनुयायी उसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

नहीं होने दी गई किसी अन्य कैदी या बंदी से मुलाकात

डेरा प्रमुख की सुरक्षा को देखते हुए कड़े बंदोबस्त किए गए थे। आइआइएम पुलिस चौकी से लेकर जेल परिसर तक पांच जगह नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान अन्य कैदियों और बंदियों से मिलने आए लोगों को भी वापस भेज दिया गया। सुबह 10 बजे के बाद किसी भी मुलाकाती को जेल के अंदर नहीं जाने दिया गया। अधिकतर को वापस भेजा जा रहा था या फिर जेल नियम के अनुसार दोपहर बाद का समय दिया जा रहा था। इससे उन्हें भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2017 से है बंद

डेरा प्रमुख को सीबीआई कोर्ट ने दो साध्यवियों से दुष्कर्म के मामले में 2017 में सजा सुनाई थी। उस समय पंचकूला में हिंसा होने के बाद डेरा प्रमुख को सड़क के रास्ते लाने की बजाय हेलीकाप्टर से सुनारिया जेल लाया गया था। वह तभी से यहीं पर बंद है। इसके बाद पत्रकार व डेरा प्रबंधक की हत्या के मामले में भी सजा सुनाई गई थी। डेरा प्रमुख कई बार पैरोल की भी मांग कर चुका था। इस बार 21 दिन की फरलो के माध्यम से वह पहली बार इतने दिन जेल से बाहर रहा।


कॉन्सटेबल भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख कल

नई दिल्ली, एजेंसी। बीएसएफ भर्ती की तैयारी में जुटे उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण अलर्ट। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) द्वारा कॉबलर, टेलर, कुक, वाटर कैरियर, वाशरमैन, बार्बर, स्वीपर, कारपेंटर, पेंटर, इलेक्ट्रिशियन, ड्राफ्ट्समैन, वेटर और माली ट्रेड में कॉन्स्टेबैल रैंक पर ट्रेड्समेन की भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया कल यानि 1 मार्च 2022 को समाप्त होने जा रही है। ऐसे में जिन उम्मीदवारों ने बीएसएफ कॉन्स्टेबल भर्ती 2022 के लिए अभी तक आवेदन नहीं किया है, वे आधिकारिक भर्ती पोर्टल, rectt.bsf.gov.in पर उपलब्ध कराये गये ऑनलाइन अप्लीकेशन फॉर्म के माध्यम से अपना आवेदन ऑनलाइन मोड में कर सकते हैं। बता दें कि बीएसएफ द्वारा विभिन्न ट्रेड में कुल 2788 कॉन्स्टेबल ट्रेड्समैन के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन की प्रक्रिया 16 जनवरी 2022 को शुरू की गयी थी।

बीएसएफ कॉन्स्टेबल ट्रेड्समैन भर्ती आवेदन लिंक

भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधीन सीमा सुरक्षा बल में विज्ञापित 2788 कॉन्स्टेबल ट्रेड्समैन पदों में से सबसे अधिक 897 रिक्तियां कुक की हैं। वहीं, वैटर कैरियर की 510, वाशरमैन की 338, स्वीपर की 617 और बार्बर की 123 रिक्तियां हैं। बीएसएफ द्वारा विभिन्न ट्रेड्स के लिए कॉन्स्टेबल ट्रेड्समैन की रिक्तियां लगभग सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेश में घोषित की गयी हैं। उम्मीदवार बीएसएफ कॉन्स्टेबल भर्ती 2022 अधिसूचना के माध्यम से रिक्तियों के विवरण देख सकते हैं।

10वीं पास योग्यता

बीएसएफ द्वारा जारी कॉन्स्टेबल ट्रेड्समैन भर्ती अधिसूचना के अनुसार किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक (10वीं) परीक्षा उत्तीर्ण या समकक्ष योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, उम्मीदवारों के पास सम्बन्धित ट्रेड में एक वर्ष का आइटीआइ प्रमाण-पत्र या दो वर्ष का कार्यानुभव होना चाहिए। साथ ही, उम्मीदवारों की आयु 1 अगस्त 2021 को 18 वर्ष से कम और 23 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों (एससी, एसटी, ओबीसी, आदि) के उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आय़ु सीमा में छूट दी जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!