
काठमांडू: नेपाल के सोलुखुंबु जिले में दो हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया। यह दुर्घटना फेरीचे हेलिपैड पर लैंडिंग के दौरान हुई, जब फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए। हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के अनुसार, दोनों हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलिपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक और घायल दोनों भारतीय मूल के
सोलुखुंबु जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है। वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड नागरिक बताए गए हैं।दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक का शव प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुक्ला लाया गया है।
हादसे का वीडियो भी आया सामने
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होते हुए दिखाई दे रही है। वीडियो में घटनास्थल के आसपास कई लोग मौजूद नजर आ रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच कर रहा है।











