बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में वन्यजीवों की मौत की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। दल्लीराजहरा में आवारा कुत्तों के हमले से घायल गर्भवती मादा चीतल की मौत हो गई, जबकि डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के गैंजी गांव के पास गोंदीली जलाशय में एक नर चीतल का शव मिला। एक ही दिन में दो चीतलों की मौत से वन विभाग में हलचल मच गई। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।

बीएसपी हॉस्पिटल के पास कुत्तों ने किया हमला

पहली घटना रविवार सुबह दल्लीराजहरा नगर क्षेत्र में बीएसपी हॉस्पिटल के पास हुई। जानकारी के अनुसार, करीब दो साल की गर्भवती मादा चीतल पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घायल चीतल को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद उपचार शुरू होने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

गोंदीली जलाशय में मिला नर चीतल का शव

दूसरी घटना रविवार शाम डौंडीलोहारा वन परिक्षेत्र के गैंजी गांव के पास हुई। यहां गोंदीली जलाशय में मछली पकड़ने पहुंचे लोगों ने पानी में एक नर चीतल का शव तैरता देखा। मछुआरों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी।

सूचना के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंची और शव को जलाशय से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। शुरुआती तौर पर चीतल की मौत की वजह स्पष्ट नही हो सकी। कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया।

दोनों चीतलों का पोस्टमार्टम, फिर अंतिम संस्कार

वन विभाग ने गर्भवती मादा चीतल का पोस्टमार्टम रविवार को ही कराया था। वहीं, जलाशय में मिले नर चीतल का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह किया गया। इसके बाद दोनों का विधिवत अंतिम संस्कार कर दिया गया।

वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता

एक ही दिन में दो चीतलों की मौत ने वन्यजीवों की सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े किए हैं। खासकर शहरी इलाके में आवारा कुत्तों के हमले से गर्भवती मादा चीतल की मौत चिंता का विषय है। जंगल से भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने वाले वन्यजीवों पर कुत्तों के हमले का खतरा बना रहता है।

वहीं, गोंदीली जलाशय में मिले नर चीतल की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो सकेगी। वन विभाग दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की जानकारी जुटा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!