बिलासपुर : – छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करने वाली 25 वर्षीय युवती ने रैपिडो बाइक चालक अभिषेक सलूजा पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता कोरबा की रहने वाली है और बिलासपुर के व्यापार विहार में काम करती है। शिकायत के मुताबिक, 27 अक्टूबर को रायपुर जाने के लिए रैपिडो बुक करने के दौरान उसकी पहचान बाइक चालक से हुई थी। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए।

आरोप है कि 28 अक्टूबर को अभिषेक ने पॉलिसी समझने के बहाने युवती को बुलाया और बातचीत के लिए स्टेशन रोड स्थित एक लॉज ले गया। वहां कमरा नंबर 124 में दरवाजा बंद कर उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर आरोपी ने युवती को धमकी दी और मौके से फरार हो गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक सलूजा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जांच के दौरान लॉज प्रबंधन की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस के मुताबिक, लॉज में युवती का पहचान पत्र तो जमा कराया गया था, लेकिन आरोपी से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज लिए बिना ही उसे कमरा उपलब्ध करा दिया गया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लॉज संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!