
जशपुर: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का सीजन शुरू होने से पहले ही दूसरे राज्यों से अवैध धान परिवहन के मामले सामने आने लगे हैं। इसी बीच जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घोलेंग के पास धान से लदे दो ट्रकों को पकड़ा है। दोनों ट्रकों से कुल 400 बोरी यानी लगभग 160 क्विंटल धान जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 79 हजार 200 रुपये बताई गई है। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने धान और दोनों ट्रकों को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जिले में दूसरे राज्यों से होने वाले अवैध धान परिवहन पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने घोलेंग के पास वाहन जांच के दौरान दो संदिग्ध ट्रकों को रोककर तलाशी ली। ट्रक क्रमांक CG-14-MW-3959 और CG-14-MW-6091 में बड़ी मात्रा में धान लोड मिला।
पुलिस ने जब ट्रक चालकों और मालिकों से धान परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वे वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों ट्रकों में लोड 400 बोरी धान, जिसका कुल वजन लगभग 160 क्विंटल है, जब्त कर लिया गया।
गुमला से बतौली ले जाया जा रहा था धान
पूछताछ में सामने आया कि धान झारखंड के गुमला से लोड कर छत्तीसगढ़ के बतौली ले जाया जा रहा था। पुलिस को आशंका है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के बाद इस धान को छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की तैयारी हो सकती थी। हालांकि, इस संबंध में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान बाधा डालने की कोशिश के मामले में ट्रक चालकों एवं मालिकों सहित चार व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।कार्रवाई में शामिल व्यक्तियों की पहचान कृष्णा साहू (47 वर्ष), निवासी लक्ष्मण नगर, गुमला (झारखंड); संजय कुजूर (55 वर्ष), निवासी डंडाडीह, थाना दुलदुला, जिला जशपुर; अभिमन्यु सिंह (36 वर्ष) और सुमित सिंह (23 वर्ष), दोनों निवासी रामनगर, गुमला (झारखंड) के रूप में हुई है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी सीजन के दौरान दूसरे राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने वालों पर लगातार नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में पुलिस और जिला प्रशासन संयुक्त रूप से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करेंगे। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों की जांच भी तेज कर दी गई है।




















