
छत्तीसगढ़ : सरकार ने गोवर्धन पूजा की छुट्टी को लेकर जारी पूर्व आदेश में संशोधन किया है। अब 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के अवसर पर राज्य में सार्वजनिक सामान्य अवकाश रहेगा। सामान्य प्रशासन विभाग ने सोमवार को संशोधित अधिसूचना जारी कर पहले घोषित ऐच्छिक अवकाश को सामान्य अवकाश में बदल दिया है।
सरकारी कर्मचारियों को मिलेगी छुट्टी
राज्य सरकार के इस फैसले के बाद सरकारी कर्मचारियों को गोवर्धन पूजा के दिन अवकाश मिलेगा। पहले इस पर्व के लिए ऐच्छिक छुट्टी तय की गई थी। ऐसी छुट्टियों में कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प चुन सकते है। नए आदेश के तहत अब यह दिन सामान्य अवकाश की सूची में शामिल कर दिया गया है।
पुरानी अधिसूचना में किया गया संशोधन
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, 6 नवंबर 2025 को जारी अधिसूचना में 9 नवंबर 2026 को गोवर्धन पूजा के लिए ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया था। छुट्टियों की सूची में यह क्रमांक 50 पर दर्ज था। अब सरकार ने पुराने आदेश में बदलाव करते हुए इसी तारीख को सार्वजनिक सामान्य अवकाश घोषित कर दिया है।




















