
अंबिकापुर; सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में ऑटो चालक से मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सचिन प्रताप पुरी (20 वर्ष), निवासी बैरीपारा, शिकारी रोड, मगरढोड़ा, अंबिकापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की है। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज चुकी है।
शादी समारोह से लौट रहे ऑटो चालक को बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्याणपुर निवासी धर्मेंद्र यादव 12 मई 2026 की रात कोलडीहा में शादी समारोह से ऑटो लेकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12:40 बजे जब वे ग्राम घंधरी के गेरवानी नाला के पास पहुंचे, तभी छह पल्सर मोटरसाइकिलों पर सवार करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने ऑटो के सामने मोटरसाइकिल खड़ी कर उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनका एक्वा कंपनी का मोबाइल लूटकर आरोपी सकालो की ओर फरार हो गए।
पहले चार आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
घटना के संबंध में पीड़ित की रिपोर्ट पर 13 मई 2026 को गांधीनगर थाने में अपराध क्रमांक 274/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 310(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व में वैभव मिश्रा उर्फ राज मिश्रा, लवकुश कुमार, सुमित विश्वास और मनीष देवनाथ को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई थी। पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई थी। इसके बाद से ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही थी।गांधीनगर पुलिस की लगातार तलाश के बाद फरार आरोपी सचिन प्रताप पुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने का हवाला देते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, आरक्षक राहुल सिंह, रमन मंडल, उमाशंकर साहू और उमेश गुप्ता की सक्रिय भूमिका रही।




















