
सुल्तानपुर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से जुड़े मानहानि के एक पुराने मामले में सोमवार, 26 अक्टूबर को सुल्तानपुर की विशेष MP-MLA अदालत फैसला सुनाने वाली है। यह मामला वर्ष 2018 में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लेकर राहुल गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़ा है। इस मामले में स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी। फैसले को लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों में हलचल तेज है। राहुल गांधी के अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन भी सतर्क है।
कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय के मुताबिक, विशेष MP-MLA अदालत के न्यायाधीश शुभम वर्मा ने 13 अक्टूबर को मामले में फैसला सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख निर्धारित की थी। राहुल गांधी के सोमवार को अदालत में पेश होने की संभावना है। उनके संभावित आगमन को देखते हुए कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान 8 मई 2018 को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी।यह टिप्पणी सोहराबुद्दीन शेख की वर्ष 2005 में हुई हत्या के मामले से संबंधित थी। राहुल गांधी ने कथित तौर पर भाजपा अध्यक्ष पर लगे आरोपों का उल्लेख करते हुए भाजपा की नैतिकता और ईमानदारी पर सवाल उठाए थे। अमित शाह को वर्ष 2014 में इस मामले में बरी कर दिया गया था।
2023 में अदालत में हुए थे पेश
इस मामले में अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को मुकदमे का सामना करने के लिए तलब किया था। इसके बाद राहुल गांधी अदालत में पेश हुए थे, जहां उन्हें जमानत मिल गई थी।बाद में शिकायतकर्ता ने राहुल गांधी की आवाज का नमूना लेकर उसका मिलान कराने की मांग की थी। निचली अदालत ने इस अर्जी को खारिज कर दिया था। इसके बाद सेशन कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट में भी इस संबंध में राहत नहीं मिली।अब करीब आठ साल पुराने इस मामले में अदालत के फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं। फैसला आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि राहुल गांधी को राहत मिलती है या उनके लिए कानूनी मुश्किलें बढ़ती हैं।




















