रायपुर:  छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 27 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। वहीं, 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 अक्टूबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

रायपुर में आसमान साफ रहने का अनुमान

राजधानी रायपुर में 25 अक्टूबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम 25 अक्टूबर को अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक इसके चक्रवाती तूफान का रूप लेने की संभावना जताई गई है। इसके और अधिक शक्तिशाली होने का भी अनुमान है।

आंध्र प्रदेश तट पर तेज हवाओं का खतरा

अनुमान के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश तट के निकट पहुंच सकता है। इसके बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश एवं यनम तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 115 से 125 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने का अनुमान है।चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम के बदलाव पर नजर रखना जरूरी होगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!