
लखनपुर/ प्रिंस सोनी: देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम अमदला के शहीद रमाशंकर सिंह के माता-पिता की स्थिति को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। शहीद के माता-पिता और भाई ने उनकी पत्नी विस्तूरी सिंह पैकरा पर परिवार की देखभाल नहीं करने और माता-पिता को घर से बेदखल करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले में न्याय की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय और सुशासन तिहार शिविर में शिकायत दर्ज कराई है।
मुआवजा और अनुकंपा नियुक्ति के बाद देखभाल नहीं करने का आरोप
परिजनों के अनुसार, शहीद रमाशंकर सिंह के बलिदान के बाद शासन की ओर से परिवार को मुआवजा राशि प्रदान की गई थी। इसके अलावा शहीद की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति भी मिली थी। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि उस समय माता-पिता की देखभाल और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में उनकी देखभाल नहीं की गई।
परिजनों का दावा है कि इस स्थिति के कारण शहीद के माता-पिता और भाई को आर्थिक एवं पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि उन्हें अपने ही घर से बेदखल कर दिया गया, जिसके चलते जीवनयापन में कठिनाइयां बढ़ गई हैं।
बेटे ने देश के लिए दिया बलिदान, माता-पिता न्याय के लिए भटकने को मजबूर
परिजनों का कहना है कि जिस बेटे ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, आज उसी के माता-पिता को कथित तौर पर आर्थिक तंगी और पारिवारिक उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उन्हें सम्मानजनक जीवनयापन के लिए न्याय दिलाने की मांग की है।
एसपी कार्यालय और सुशासन तिहार शिविर में शिकायत
शहीद के माता-पिता और भाई ने अपनी शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा सुशासन तिहार शिविर में देकर प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर आरोपों की सच्चाई सामने लाने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो नियमानुसार उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
पत्नी ने दो दिन बाद पक्ष रखने की बात कही
मामले में शहीद की पत्नी विस्तूरी सिंह पैकरा से भी उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया। उन्होंने दो दिन बाद अपना पक्ष रखने की बात कही थी। हालांकि, दो दिन बाद संपर्क करने पर उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। फिलहाल, मामला प्रशासन के संज्ञान में लाए जाने के बाद परिजनों को कार्रवाई की उम्मीद है।




















