
सूरजपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने बिजली बंद होने को लेकर सूचना जारी की है। इसके अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को बिश्रामपुर स्थित 220/132/33 केवी उपकेंद्र में 33 केवी मेन बस का जंपर क्षतिग्रस्त होने के कारण आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक शटडाउन प्रस्तावित है। इस दौरान सूरजपुर, नयनपुर, रामानुजनगर और भैयाथान फीडर से जुड़े क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।

इन क्षेत्रों में प्रभावित रहेगी बिजली आपूर्ति
विद्युत विभाग के अनुसार, शटडाउन के दौरान केतका, सूरजपुर, महंगवां, नयनपुर, रामानुजनगर, गणेशपुर, नवापाराकलां, कृष्णपुर, प्रेमनगर, उमेश्वरपुर, बसदेई, भैयाथान और ओड़गी स्थित 33/11 केवी उपकेंद्रों से निकलने वाले सभी 11 केवी फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी। इसके अलावा इन फीडरों से विद्युत आपूर्ति प्राप्त करने वाले सभी उच्चदाब और निम्नदाब उपभोक्ता भी प्रभावित होंगे।
जरूरत के अनुसार बदल सकता है समय
विभाग ने स्पष्ट किया है कि मरम्मत कार्य की आवश्यकता के अनुसार बिजली बंद रहने की अवधि घटाई या बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए अपने जरूरी कार्य पहले ही निपटाने की सलाह दी गई है।विद्युत वितरण कंपनी ने बिजली आपूर्ति में होने वाली असुविधा के लिए उपभोक्ताओं से खेद व्यक्त किया है। साथ ही उपभोक्ताओं से बिजली बिल का समय पर भुगतान करने, बिजली चोरी से दूर रहने और प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की है।


















