
अंबिकापुर: सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के कन्या परिसर स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी से छह अपचारी बालकों के फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बालकों ने रसोइये पर गर्म खाना फेंका और सुरक्षा में तैनात गार्ड को कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए।घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी तलाश शुरू की गई। अब तक दो अपचारी बालकों को पकड़ लिया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
प्लेस ऑफ सेफ्टी से अपचारी बालकों के फरार होने की यह पहली घटना नहीं बताई जा रही है। इससे पहले भी यहां से बालकों के भागने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। बार-बार इस तरह की घटनाएं होने से प्लेस ऑफ सेफ्टी की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
गार्ड को कमरे में बंद कर फरार होने की घटना ने सुरक्षा इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अब यह देखना होगा कि प्रबंधन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।फिलहाल चार फरार अपचारी बालकों की तलाश जारी है।




















