
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के एक क्लब में बीयर का गिलास छलकने जैसी मामूली बात को लेकर हुए विवाद में 29 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरोप है कि क्लब में युवक के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने क्लब मालिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली के टोर क्लब (Tor Club) में हुई। बताया जा रहा है कि बीयर का गिलास छलकने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि क्लब मालिक और बाउंसरों ने युवक की बेरहमी से पिटाई की। गंभीर चोटों के कारण युवक की मौत हो गई।मृतक की पहचान हो चुकी है। उसकी उम्र 29 वर्ष बताई जा रही है और वह पेशे से ड्राइवर था। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और क्लब मालिक समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। विवाद की असल वजह, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और युवक की मौत के परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।




















