
Bhopal Crime News: भोपाल के सतपुड़ा भवन में स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) में चोरी की घटना सामने आई है। यहां चोरों ने 20 एसी के कॉपर वायर और पाइप काटकर चोरी कर लिए। घटना सितंबर महीने में हुई थी, लेकिन करीब 28 दिन बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है।एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक, चोरी के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
12 से 14 सितंबर के बीच हुई चोरी
यह घटना अरेरा हिल्स स्थित सतपुड़ा भवन की पहली मंजिल पर बने NIC कार्यालय की है। जानकारी के अनुसार, 12 से 14 सितंबर के बीच सार्वजनिक अवकाश के दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी कार्यालय के बाहरी गलियारे में लगे एसी के कॉपर पाइप और वायर काटकर अपने साथ ले गए।मामले में सबसे अहम बात यह है कि घटना के करीब 28 दिन बाद तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी। देरी से पुलिस कार्रवाई शुरू होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था और शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया पर सवाल उठ रहे हैं।
कॉपर वायर कटने से ठप हुए एसी, कामकाज पर असर
NIC में सरकारी विभागों की डिजिटल सेवाओं से संबंधित सर्वर और अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी उपकरण मौजूद हैं। ऐसे में कार्यालय परिसर में हुई चोरी को सुरक्षा के लिहाज से गंभीर माना जा रहा है।NIC के निदेशक और सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने अपनी शिकायत में बताया कि अज्ञात लोग कार्यालय के बाहरी गलियारे में लगे एसी के कॉपर पाइप काटकर ले गए। वायर और पाइप क्षतिग्रस्त होने के कारण एसी ने काम करना बंद कर दिया, जिससे कार्यालय के कामकाज पर असर पड़ा।फिलहाल चोरी हुए कॉपर वायर और पाइप के अलावा किसी अन्य सामान के गायब होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
CCTV कैमरों की कमी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
सतपुड़ा भवन में कई सरकारी कार्यालय संचालित होते हैं। NIC में डिजिटल सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण उपकरणों की मौजूदगी को देखते हुए यहां सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था बेहद अहम है। इसके बावजूद घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे नहीं होने की बात सामने आई है।कैमरों की कमी के कारण चोरी की वारदात पर नजर रखने और आरोपियों की पहचान करने में परेशानी आ सकती है। हालांकि, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।अब जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि चोरी की वारदात को किसने अंजाम दिया और संवेदनशील सरकारी परिसर में चोर किस तरह दाखिल हुए। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी पुलिस के सामने प्रमुख चुनौती है।




















