
सूरजपुर: जिलेवासियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी देने तथा डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा ‘साइबर योद्धा’ अभियान प्रारंभ किया है। पुलिस अधीक्षक सूरजपुर श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान के तहत जिले में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (एसआई) को साइबर सुरक्षा जागरूकता के इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए चुना गया है। साथ ही जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को भी अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों तक पहुंचेगी पुलिस
वर्तमान समय में डिजिटल माध्यमों के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीके सामने आ रहे हैं। ऐसे में आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें धोखाधड़ी से बचने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा ‘साइबर योद्धा’ के माध्यम से जनजागरूकता को व्यापक रूप देने की पहल की गई है।
इस अभियान के अंतर्गत साइबर योद्धा स्कूलों, कॉलेजों, दुर्गा पूजा पंडालों तथा अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी देंगे। लोगों को ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों को पहचानने, संदिग्ध लिंक से बचने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। सूरजपुर पुलिस का उद्देश्य है कि साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और लोग किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाएं।
कुदरगढ़ धाम में आयोजित हुआ साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम
इसी क्रम में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को मॉ बागेश्वरी देवी धाम कुदरगढ़ में ‘साइबर योद्धा’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन चौकी प्रभारी कुदरगढ़ संजय यादव द्वारा किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं मॉ बागेश्वरी देवी धाम ट्रस्ट कुदरगढ़ के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में धाम में उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को साइबर सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। रामसेवक पैकरा ने लोगों को साइबर सुरक्षा से संबंधित सावधानियों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने तथा साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए सतर्क एवं जागरूक रहने की बात कही। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता को आवश्यक बताते हुए लोगों से स्वयं सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संदेश दिया। इस अवसर पर मॉ बागेश्वरी देवी धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, सचिव आशिष सिंह, कोषाध्यक्ष बलराम सोनी, पुलिस के अधिकारी व जवान सहित काफी संख्या में श्रृद्धालुगण मौजूद रहे।
साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता ही बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन के मार्गदर्शन में संचालित ‘साइबर योद्धा’ अभियान के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया जा रहा है कि साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता, जानकारी और समय पर उचित कदम उठाना बेहद महत्वपूर्ण है। अनजान कॉल पर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या यूपीआई से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करना, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचना तथा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन प्रलोभन या धोखाधड़ी के प्रति सावधान रहना आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे बिना देर किए साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए तथा आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
सूरजपुर पुलिस द्वारा आम नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने और जिले में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक वातावरण निर्मित करने के लिए इस अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है। पुलिस की इस पहल से विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाने और उन्हें डिजिटल दुनिया में अधिक सतर्क एवं सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।




















