
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सुमेधा डैम में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को अपने तीन साथियों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे किशोर के गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। देर शाम तक उसकी तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने और पानी की गहराई के कारण उसका पता नहीं चल सका। शनिवार सुबह दोबारा तलाश शुरू होने पर उसका शव बरामद हुआ।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान जमनीपाली निवासी नरेश साहू (15), पिता फिरतुराम साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चारों बच्चे शुक्रवार को सुमेधा डैम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान वे डैम में नहाने के लिए उतरे। नहाते समय नरेश गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। उसके साथ मौजूद तीन अन्य बच्चे सुरक्षित बाहर निकल आए।
परिजनों और ग्रामीणों ने शुरू की तलाश
हादसे के बाद बच्चों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की। शुक्रवार देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा होने और पानी गहरा होने के कारण सफलता नहीं मिली।शनिवार सुबह एक बार फिर तलाश शुरू की गई। इस दौरान डैम में नरेश का शव मिला। किशोर की मौत की खबर से परिजनों में शोक का माहौल है।घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। डैम में नहाने के दौरान हुए इस हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं।



















