अंबिकापुर: सरगुजा जिले में पुलिसकर्मियों की फिटनेस, अनुशासन और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को रक्षित केंद्र अंबिकापुर में जनरल परेड आयोजित की गई। परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (आईपीएस) ने ली। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं परेड में उनके प्रदर्शन की समीक्षा की।

परेड के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को टोलीवार परेड कराई गई। इस दौरान बेहतर टर्नआउट और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को डीआईजी एवं एसएसपी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस विभाग के अनुसार, जवानों के बेहतर स्वास्थ्य, फिटनेस और अनुशासन को बनाए रखने के लिए जनरल परेड का नियमित आयोजन किया जा रहा है।

पुलिसकर्मियों के वेलफेयर पर भी दिए निर्देश

रक्षित केंद्र में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए संचालित पुलिस यूनिट बैंक की गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार समय-समय पर लाभ उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली के साथ कर्मचारियों के कल्याण पर भी ध्यान देना जरूरी है। पुलिसकर्मियों की फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नियमित गतिविधियां संचालित की जानी चाहिए।

थाने आने वाले फरियादियों से शालीन व्यवहार करने की हिदायत

जनरल परेड के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के बीच पुलिस की बेहतर छवि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी पुलिसकर्मी अनुशासन का पालन करें और अपने कर्तव्यों का जिम्मेदारी से निर्वहन करें।उन्होंने नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि थाने और चौकियों में आने वाले फरियादियों के साथ शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए, जिससे आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा मजबूत हो और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

183 अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

जनरल परेड में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (आईपीएस), उप पुलिस अधीक्षक अमृत कुजूर, अजाक डीएसपी सुरेश भगत, उप पुलिस अधीक्षक जे.पी. भारतेन्दु, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित कोतवाली थाना प्रभारी, प्रशिक्षु सूबेदार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न थाना-चौकियों और कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस दौरान कुल 183 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। परेड के माध्यम से पुलिसकर्मियों के अनुशासन, वर्दी की साज-सज्जा, शारीरिक फिटनेस और कार्य के प्रति जिम्मेदारी की समीक्षा की गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!