
नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद की विभिन्न स्थायी समितियों का पुनर्गठन करते हुए नए अध्यक्षों की नियुक्ति की है। पुनर्गठन के बाद बीजेपी और कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के सांसदों को महत्वपूर्ण संसदीय समितियों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बीजेपी सांसद भर्तृहरि महताब को वित्त संबंधी स्थायी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर को विदेश मामलों की समिति की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा बीजेपी सांसद सुधीर गुप्ता रेल संबंधी समिति के अध्यक्ष होंगे।रसायन और उर्वरक संबंधी समिति की अध्यक्षता डॉ. काकोली घोष दस्तीदार करेंगी। कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को कृषि, पशुपालन और खाद्य प्रसंस्करण संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
इसी क्रम में बीजेपी सांसद राधा मोहन सिंह कोरक्षा संबंधी समिति की जिम्मेदारी दी गई है। बीजेपी सांसद रा जीव प्रताप रूडी जल संसाधन संबंधी समिति के अध्यक्ष होंगे। कांग्रेस सांसद सप्तगिरि उलाका को ग्रामीण विकास और पंचायती राज संबंधी समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।वहीं बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे को संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी समिति की अध्यक्षता सौंपी गई है।
संसदीय समितियां संसद के कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ये समितियां विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से जुड़े विषयों, नीतियों, योजनाओं तथा विधायी मामलों की विस्तार से समीक्षा करती हैं और सरकार को अपनी सिफारिशें देती हैं।बताया गया है कि पुनर्गठित संसदीय समितियों का नया कार्यकाल 26 सितंबर 2026 से प्रभावी माना गया है। समितियों के अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब संबंधित समितियां अपने-अपने मंत्रालयों और विभागों से जुड़े विषयों पर काम करेंगी।



















