
नई दिल्ली। भारत ने पाकिस्तान की ओर से जारी अवैध घुसपैठ और सीमा पार से होने वाली गतिविधियों को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान उच्चायोग के कार्यवाहक प्रभारी को तलब कर पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में हुई घटना को लेकर भारत की आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों को भारत ने बेबुनियाद बताया है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, शुक्रवार को पाकिस्तान की ओर से तीन लोग भारतीय सीमा में घुस आए थे। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने उन्हें कई बार वापस लौटने की चेतावनी दी। इसके बावजूद तीनों भारतीय सीमा में आगे बढ़ते हुए सीमा बाड़ की ओर जाने लगे। स्थिति से सुरक्षा को खतरा पैदा होने के बाद बीएसएफ को उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करनी पड़ी।
भारत ने स्पष्ट किया कि सीमा पर इस तरह की घटनाएं कोई पहली घटना नहीं हैं। पाकिस्तान की ओर से लगातार अवैध घुसपैठ और तस्करी की कोशिशें सामने आती रही हैं। भारत ने इन गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए पाकिस्तान से अपनी ओर से प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से सीमा पार से होने वाली अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थों की तस्करी की पूरी जांच करने को कहा है। इसके साथ ही पाकिस्तान की सीमा सुरक्षा बलों की भूमिका की भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
भारत ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय सीमा का सम्मान करने और अपनी सीमा से होने वाली अवैध आवाजाही को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की स्पष्ट हिदायत दी है। भारत का कहना है कि सीमा पर शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पाकिस्तान को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से पालन करना होगा।




















