जशपुर: निजी अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी 24 वर्षीय आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा, पिता कृष्ण पाल, उम्र 24 वर्ष, निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय पीड़िता ने 21 जनवरी 2026 को थाना जशपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2024 में उसकी पहचान आरोपी शोवित कुशवाहा से 4Fun एप्लीकेशन के माध्यम से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी।आरोप है कि आरोपी ने पीड़िता पर दबाव बनाकर वीडियो कॉल के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो प्राप्त कर लिए तथा उनकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग भी कर ली। बाद में आरोपी ने कथित तौर पर इन निजी फोटो-वीडियो को व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित कर दिया। इसके साथ ही बातचीत नहीं करने पर पीड़िता और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी है।पीड़िता की शिकायत पर थाना सिटी कोतवाली जशपुर में अपराध क्रमांक 23/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 79, 351 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।

दिल्ली में मिला आरोपी

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के गृह ग्राम उत्तर प्रदेश में उसकी तलाश की, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी टीम को सक्रिय कर उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान आरोपी के दिल्ली में होने की सूचना मिली।इसके बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में सिटी कोतवाली जशपुर से विशेष टीम दिल्ली भेजी गई। टीम ने आरोपी को दिल्ली से हिरासत में लेकर जशपुर लाया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसमें दो सिम कार्ड उपयोग में पाए गए। पुलिस के अनुसार, मोबाइल में मौजूद व्हाट्सएप और गैलरी का गवाहों के समक्ष अवलोकन कर पंचनामा तैयार किया गया तथा आवश्यक स्क्रीनशॉट भी लिए गए।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर नायलिक रिमांड पर भेज दिया गया है।आरोपी की गिरफ्तारी और मामले की कार्रवाई में सिटी कोतवाली जशपुर थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता और आरक्षक अविनाश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी ऑनलाइन माध्यम पर निजी तस्वीर या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग, धमकी अथवा अश्लील सामग्री प्रसारित किए जाने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और ऐसे मामलों में चुप न रहें।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!