Premanand Maharaj:  वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के शिष्य दीपक लोधी उर्फ रसिक दुलारी शरण की मौत का मामला अभी जांच के दायरे में है। इसी बीच घटना से ठीक पहले का एक और CCTV फुटेज सामने आया है। करीब 33 सेकंड के इस फुटेज में दीपक आश्रम की छत पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। कुछ समय बाद वे अचानक उठते हैं और छत से नीचे छलांग लगा देते हैं।

घटना से पहले छत पर अकेले बैठे नजर आए दीपक

घटना वृंदावन के बाराह घाट क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कुंज आश्रम में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। CCTV फुटेज में दीपक कुछ समय तक छत पर बैठे दिखाई देते हैं।इसी दौरान एक व्यक्ति सीढ़ियों के रास्ते छत की ओर आता नजर आता है। हालांकि वह दीपक के पास पहुंच पाता, उससे पहले ही दीपक छत से नीचे कूद जाते हैं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही गई जान

छत से गिरने के बाद दीपक को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।पुलिस की शुरुआती जांच में घटना आत्महत्या की ओर इशारा कर रही है। हालांकि दीपक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

परिजनों ने पुलिस से सभी पहलुओं की जांच की मांग की

घटना के बाद परिवार की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। परिजनों ने मामले की पूरी परिस्थितियों की जांच कराने और घटना से जुड़े हर पहलू को सामने लाने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक किसी भी संभावित पहलू को फिलहाल नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

आश्रम के CCTV और आसपास मौजूद लोगों से जुटाई जा रही जानकारी

पुलिस आश्रम परिसर में लगे अलग-अलग CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि दीपक के अंतिम समय की गतिविधियों और परिस्थितियों को समझा जा सके दीपक के कमरे से ग्राइंडर मिलने और उनके शरीर पर आई गंभीर चोटों से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस इन सभी बिंदुओं को जोड़कर घटना की पूरी कड़ी समझने के लिए साक्ष्य जुटा रही है।

नए फुटेज से घटना का एक हिस्सा साफ, लेकिन वजह अब भी जांच का विषय

नए CCTV फुटेज से इतना स्पष्ट होता है कि दीपक घटना से कुछ समय पहले आश्रम की छत पर मौजूद थे और बाद में नीचे कूदे। लेकिन उनके इस कदम के पीछे क्या कारण था और उससे पहले उनके साथ क्या हुआ था, इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है।पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, CCTV फुटेज, परिजनों की शिकायत और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। घटना की वास्तविक वजह विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!