
भोपाल : मंडल के रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। चरापल्ली और गोरखपुर के बीच संचालित हो रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित सेवा में शामिल करते हुए अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। इस ट्रेन के नियमित संचालन से इटारसी, भोपाल और बीना के यात्रियों को उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आने-जाने के लिए एक अतिरिक्त सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी।
शुक्रवार रात चरापल्ली से शुरू होगी यात्रा
गाड़ी संख्या 22075 चरापल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शुक्रवार रात 9:45 बजे चरापल्ली से रवाना होगी। ट्रेन काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर और बैतूल होते हुए अगले दिन दोपहर 12:05 बजे इटारसी पहुंचेगी।इसके बाद ट्रेन दोपहर 1:50 बजे भोपाल और शाम 4 बजे बीना पहुंचेगी। आगे इसका सफर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, पोखरायन, कानपुर, ऐशबाग, लखनऊ, गोमती नगर, बाराबंकी और गोंडा होते हुए जारी रहेगा। ट्रेन अगले दिन सुबह 6:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
रविवार को गोरखपुर से चलेगी वापसी ट्रेन
गोरखपुर से चरापल्ली जाने वाली गाड़ी संख्या 22076 प्रत्येक रविवार को सुबह 8:30 बजे रवाना होगी। 4 अक्टूबर से इस ट्रेन की नियमित सेवा शुरू होगी।वापसी में ट्रेन रात 9:10 बजे बीना और रात 11:05 बजे भोपाल पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन रात 12:40 बजे इटारसी पहुंचकर ट्रेन बैतूल, नागपुर, बल्हारशाह, चंद्रपुर, मंचेरियल, पेद्दापल्ली और काजीपेट होते हुए चरापल्ली जाएगी।
भोपाल से उत्तर और दक्षिण भारत के लिए बढ़ेगा सीधा कनेक्शन
अमृत भारत एक्सप्रेस के नियमित संचालन से भोपाल मंडल के यात्रियों को कई प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। यात्री नागपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, गोमती नगर और गोरखपुर के साथ दक्षिण दिशा में चरापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली और मंचेरियल तक सीधे रेल मार्ग से यात्रा कर सकेंगे।इस सेवा से खास तौर पर इटारसी, भोपाल और बीना जैसे प्रमुख स्टेशनों से उत्तर-दक्षिण दिशा में यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
दोनों दिशाओं में इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
चरापल्ली-गोरखपुर और गोरखपुर-चरापल्ली दोनों दिशाओं में ट्रेन निर्धारित प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेगी। इनमें चरापल्ली, काजीपेट जंक्शन, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बल्हारशाह, चंद्रपुर, नागपुर जंक्शन, बैतूल, इटारसी जंक्शन, भोपाल जंक्शन, बीना जंक्शन, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, उरई, पोखरायन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग, लखनऊ सिटी, गोमती नगर, बाराबंकी जंक्शन और गोंडा जंक्शन शामिल हैं।इस ट्रेन के नियमित संचालन से मध्यप्रदेश के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और तेलंगाना समेत कई प्रमुख शहरों के बीच यात्रा के लिए एक और सीधा विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।




















