नई दिल्ली: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले कारोबारियों को महंगाई का झटका लगा है। 1 अक्टूबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरीकी गई है। अलग-अलग शहरों में सिलेंडर के दाम करीब ₹60 से अधिक बढ़े हैं। इसका असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, कैटरिंग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खर्च पर पड़ सकता है। हालांकि घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दाम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

दिल्ली में ₹62.50 की बढ़ोतरी

राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत सितंबर में ₹2,747.50 थी। 1 अक्टूबर से यह बढ़कर 2,810 हो गई है। यानी कारोबारियों को अब प्रति सिलेंडर ₹62.50 अधिक भुगतान करना होगा। इससे पहले सितंबर में भी दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर के दाम ₹9.50 बढ़े थे।

मुंबई और चेन्नई में भी बढ़े रेट

मुंबई में कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹2,701 से बढ़कर 2,764 हो गया है। यहां 63 की बढ़ोतरी हुई है। चेन्नई में कीमत ₹2,916.50 से बढ़कर 2,983 पहुंच गई है। वहीं अहमदाबाद में नया रेट2,831.50 हो गया है। कन्याकुमारी में सिलेंडर की कीमत ₹3,046 और तवांग में ₹3,073.50 तक पहुंच गई है।

घरेलू LPG उपभोक्ताओं को राहत

कमर्शियल LPG की कीमत बढ़ने के बावजूद 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे गए हैं। दिल्ली में घरेलू सिलेंडर ₹942 मुंबई में ₹941.50 और चेन्नई में ₹957.50 में मिलेगा। पटना में इसकी कीमत ₹1,031.50 और लखनऊ में ₹979.50 है। ऐसे में घरेलू रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं पर फिलहाल इस बढ़ोतरी का सीधा असर नहीं पड़ेगा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार से तय होती हैं कीमतें

LPG की कीमतों में बदलाव अंतरराष्ट्रीय बाजार के LPG रेट और विदेशी मुद्रा विनिमय दर जैसे कारकों पर निर्भर करता है। तेल कंपनियां आम तौर पर पिछले महीने के औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क के आधार पर कीमतों की समीक्षा करती हैं। घरेलू LPG की कीमतों पर सरकारी नीतियों का भी असर रहता है। इसी वजह से कमर्शियल गैस के दाम बढ़ने के बावजूद घरेलू सिलेंडर की कीमत स्थिर रखी जा सकती है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!