
Apple Pay Launched in India: भारत में iPhone यूजर्स के लिए Apple Pay की शुरुआत हो गई है। अब यूजर्स अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़कर iPhone, iPad और Apple Watch के जरिए पेमेंट कर सकेंगे। यह सुविधा स्टोर पर कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के साथ कुछ ऐप्स और वेबसाइट्स पर ऑनलाइन भुगतान का विकल्प भी देगी।हालांकि फिलहाल Apple Pay का सपोर्ट सभी बैंकों और कार्ड्स के लिए उपलब्ध नहीं है। शुरुआत में चुनिंदा कार्ड्स के साथ ही यह सुविधा इस्तेमाल की जा सकती है। ऐसे में इसे इस्तेमाल करने से पहले यह देखना जरूरी होगा कि आपका कार्ड Apple Pay के लिए सपोर्टेड है या नहीं।
UPI से अलग तरीके से काम करता है Apple Pay
भारत में UPI के जरिए पेमेंट करते समय आमतौर पर बैंक अकाउंट सीधे डिजिटल पेमेंट सिस्टम से जुड़ा होता है। Apple Pay का मॉडल इससे अलग है। इसमें यूजर अपने सपोर्टेड क्रेडिट या डेबिट कार्ड को Apple Wallet में डिजिटल रूप में सेव करता है।इसके बाद उसी कार्ड का इस्तेमाल कॉन्टैक्टलेस पेमेंट के लिए किया जा सकता है। यानी पेमेंट के समय हर बार फिजिकल कार्ड निकालने की जरूरत नहीं पड़ती।
NFC मशीन के सामने iPhone लाते ही हो जाएगा पेमेंट
अगर आपका कार्ड कॉन्टैक्टलेस पेमेंट को सपोर्ट करता है और दुकानदार की पेमेंट मशीन NFC स्वीकार करती है, तो iPhone के जरिए भुगतान किया जा सकता है।iPhone पर साइड बटन को दो बार दबाने के बाद Face ID या पासकोड के जरिए ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा। इसके बाद iPhone को पेमेंट टर्मिनल के पास ले जाने पर ट्रांजैक्शन पूरा किया जा सकेगा। Apple Watch के जरिए भी इसी तरह कॉन्टैक्टलेस पेमेंट की सुविधा मिलेगी।इस प्रक्रिया में हर ट्रांजैक्शन के लिए कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट या OTP दर्ज करने की जरूरत कम हो जाती है।
अभी सभी बैंक और कार्ड Apple Pay के दायरे में नहीं
Apple Pay की भारत में शुरुआत फिलहाल सीमित कार्ड सपोर्ट के साथ हुई है। शुरुआती चरण में Axis Bank के चुनिंदा Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Wallet में जोड़ने की सुविधा उपलब्ध है।वहीं, RuPay कार्ड और UPI पेमेंट का सपोर्ट फिलहाल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में Apple Pay को अभी UPI के सीधे विकल्प के तौर पर नहीं देखा जा सकता। आने वाले समय में अधिक बैंक और कार्ड नेटवर्क इसके दायरे में शामिल हो सकते हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग और ऐप्स में भी मिलेगा पेमेंट का विकल्प
Apple Pay का इस्तेमाल केवल दुकानों पर पेमेंट करने तक सीमित नहीं रहेगा। सपोर्ट करने वाले ऐप्स और वेबसाइट्स पर भी इसके जरिए भुगतान किया जा सकेगा। इससे ऑनलाइन खरीदारी के दौरान हर बार कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट और अन्य कार्ड डिटेल्स मैन्युअली भरने की जरूरत कम हो सकती है।Mac के लिए Apple Pay का सपोर्ट बाद के चरण में उपलब्ध होने की बात कही गई है। फिलहाल iPhone, iPad और Apple Watch यूजर्स के लिए यह सुविधा डिजिटल कार्ड पेमेंट को आसान बनाने का विकल्प देती है।




















