बलरामपुर:  वन परिक्षेत्र राजपुर के उप परिक्षेत्र बरियों अंतर्गत ग्राम परसवारकला के बड़खापारा में जंगली हाथी के हमले से 53 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना मंगलवार रात करीब 7:05 बजे की बताई जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, ग्राम परसवारकला निवासी सुटरूंग कौशिक (53), पिता गोहन्दुल कौशिक, परिवार से नाराज होकर शराब के नशे में अपनी पुत्री के घर जाने के लिए निकले थे। पुत्री के घर पहुंचने से पहले महान नदी पार कर रहे थे, तभी उनका सामना जंगल से आए जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना के बाद हाथी ग्राम रेवतपुर की ओर बढ़ते हुए जंगल की तरफ चला गया। क्षेत्र में जंगली हाथियों की निगरानी और ग्रामीणों को लगातार अलर्ट करने वाले वन कर्मचारियों को घटना की जानकारी मिली। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।रात होने के कारण आवश्यक कार्रवाई बुधवार 30 सितंबर 2026 की सुबह की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा और मर्ग इंटिमेशन की कार्रवाई की। चिकित्सकों ने मौके पर ही शव का परीक्षण किया, जिसके बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

वन विभाग के मुताबिक हाथी प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिदिन गज संकेत ऐप और स्थानीय वाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से ग्रामीणों को हाथियों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों की जानकारी दी जा रही है। वन कर्मचारी और हाथी मित्र दल के सदस्य भी लगातार निगरानी कर ग्रामीणों को जंगली हाथियों से दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक कर रहे हैं।वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय पगडंडी रास्तों से आवागमन न करें। हाथियों के क्षेत्र में मौजूद रहने के दौरान जंगल की ओर न जाएं और अनावश्यक भीड़ लगाने से बचें। जंगली हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करने की अपील की गई है।

परिवार को 25 हजार की तत्काल सहायता

हाथी के हमले में मृत सुटरूंग कौशिक की वैध उत्तराधिकारी उनकी पत्नी कुलेश्वरी कौशिक को वन विभाग की ओर से तत्कालिक सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। विभाग के अनुसार, शेष 5 लाख 75 हजार रुपये की सहायता राशि नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदान की जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!